8 साल बाद दिल्ली मेट्रो का किराया बढ़ा, न्यूनतम ₹11 और अधिकतम ₹64

 रोशनी

(ग्रेटर नोएडा) दिल्लीवासियों के लिए सोमवार से मेट्रो यात्रा महंगी हो गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने आठ साल बाद किराए में बढ़ोतरी की है। नया किराया 25 अगस्त 2025 से लागू हो गया है। अब मेट्रो का न्यूनतम किराया ₹11 और अधिकतम ₹64 तय किया गया है।

नई दरों के अनुसार, 0–2 किलोमीटर तक का किराया अब ₹11 होगा, जबकि 2–5 किलोमीटर का ₹21। 5–12 किलोमीटर तक की दूरी के लिए यात्रियों को ₹32 चुकाने होंगे। वहीं 12–21 किलोमीटर का किराया ₹43 और 21–32 किलोमीटर का ₹54 कर दिया गया है। 32 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब ₹64 खर्च करने होंगे।

एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी किराया ₹1 से ₹5 तक बढ़ा दिया गया है। उदाहरण के तौर पर, नोएडा सिटी सेंटर से राजीव चौक तक का किराया ₹40 से बढ़कर ₹43 हो गया है, जबकि नोएडा सिटी सेंटर से द्वारका सेक्टर-21 तक की यात्रा अब ₹64 में होगी।

यात्रियों को राहत देने के लिए ऑफ-पीक आवर्स (सुबह 8 बजे से पहले, दोपहर 12 से 5 बजे तक और रात 9 बजे के बाद) में स्मार्ट कार्ड और मल्टीपल जर्नी क्यूआर टिकट (MJQRT) पर 20% तक छूट दी जाएगी।

गौरतलब है कि मेट्रो किराए में यह वृद्धि 2017 के बाद पहली बार की गई है। तब चौथी फेयर फिक्सेशन कमेटी की सिफारिशों पर दाम बदले गए थे।

About Post Author

आप चूक गए होंगे