दिल्ली के स्कूल में छात्रा की मौत, गार्ड रूम के पीछे जली हालत में मिली

मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक स्कूल में 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। छात्रा स्कूल परिसर में गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, शनिवार को स्कूल में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को गार्ड रूम के पीछे छात्रा झुलसी हुई हालत में मिली। उसकी मौत हो चुकी थी। मामले की जांच के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने छात्रा का स्कूल बैग और वहां मिली अन्य चीजों को भी जब्त कर लिया। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। घटना के बाद मंत्री आशीष सूद स्कूल पहुंचे। विधायक अनिल गोयल ने घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि छात्रा की मौत के पीछे क्या कारण थे, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

About Post Author