Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

मोजे उतारते ही पैरों पर गहरे निशान? हो सकता है शरीर दे रहा हो गंभीर बीमारी का संकेत

रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)

दिनभर काम के बाद मोजे उतारने पर पैरों या टखनों पर गहरे निशान दिखना आम बात लग सकती है, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार हो रही है तो इसे हल्के में लेना सही नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, पैरों पर ऐसे निशान शरीर में तरल पदार्थ जमा होने यानी एडिमा का संकेत हो सकते हैं, जो किसी अंदरूनी स्वास्थ्य समस्या की ओर इशारा करता है।

मेडिकल भाषा में एडिमा उस स्थिति को कहा जाता है, जब शरीर अतिरिक्त पानी को बाहर नहीं निकाल पाता और वह गुरुत्वाकर्षण के कारण पैरों में जमा होने लगता है। इस कारण पैरों में सूजन आ जाती है और मोजे की इलास्टिक के निशान लंबे समय तक दिखाई देते हैं। यह समस्या केवल असहजता नहीं, बल्कि शरीर के संतुलन बिगड़ने का संकेत भी हो सकती है। डॉक्टरों के मुताबिक, पैरों पर गहरे निशान और सूजन दिल की कमजोरी, किडनी में खराबी या लिवर से जुड़ी समस्याओं से जुड़ी हो सकती है। दिल के कमजोर होने पर खून पैरों से ऊपर ठीक से नहीं पहुंच पाता, वहीं किडनी खराब होने पर शरीर से अतिरिक्त पानी बाहर नहीं निकल पाता। लिवर की समस्या या नसों की कमजोरी भी पैरों में सूजन का कारण बन सकती है।

हालांकि, हर बार मोजे के निशान दिखना बीमारी का संकेत नहीं होता। ज्यादा नमक खाना, लंबे समय तक बैठे रहना या बहुत टाइट मोजे पहनना भी इसकी वजह हो सकते हैं। लेकिन अगर आरामदायक मोजे पहनने के बावजूद सूजन बनी रहे, दबाने पर गड्ढा पड़ जाए या समस्या कई दिनों तक लगातार दिखे, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी माना जाता है।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी तरह की समस्या या लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।

Exit mobile version