ग्रेटर नोएडा में बड़ा आईटी निवेश, युवाओं को मिलेंगी नौकरियां

रोशनी शंकर ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा तेजी से आईटी कंपनियों का हब बनने की दिशा में बढ़ रहा है। प्राधिकरण ने निवेश आकर्षित करने के लिए नई योजना तैयार की है, जिसके तहत सेक्टर टेकजोन और नॉलेज पार्क-पांच में आईटी कंपनियों के लिए विशेष भूखंड चिह्नित किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से न केवल बड़े पैमाने पर निवेश आएगा बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।

योजना के अनुसार कुल पांच भूखंड चिह्नित किए गए हैं। इनमें 10-10 एकड़ के दो और 20 एकड़ का एक भूखंड सेक्टर टेकजोन में है, जबकि नॉलेज पार्क-पांच में एक और चार-चार एकड़ के दो भूखंड शामिल किए गए हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि कई बड़ी आईटी कंपनियां पहले ही रुचि दिखा चुकी हैं और जल्द ही निवेश प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। उनके अनुसार, “इस योजना से रोजगार सृजन के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।”

प्राधिकरण का स्पष्ट लक्ष्य है कि ग्रेटर नोएडा को दिल्ली-एनसीआर का प्रमुख आईटी डेस्टिनेशन बनाया जाए। विशेषज्ञ मानते हैं कि नए भूखंडों की उपलब्धता से आईटी कंपनियों का यहां आना और आसान होगा। इससे ग्रेटर नोएडा का आईटी परिदृश्य और मजबूत होगा।

About Post Author