भंगेल फ्लाईओवर खुला, मिनटों में तय होगा पहले का लंबा सफर
रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)
भंगेल का 4.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर अब आम जनता के लिए खोल दिया गया है। वर्षों से सूरजपुर, भंगेल और सेक्टर 51 की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी जाम लगता था, लेकिन इस नए फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब वह दूरी, जिसे तय करने में 40 मिनट लगते थे, सिर्फ 5 मिनट में पूरी हो जाएगी।
लगभग 5 साल के निर्माण और 608 करोड़ रुपये की लागत के बाद तैयार हुआ यह छह-लेन फ्लाईओवर दादरी और नोएडा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। निर्माण पूरा होने के बावजूद इसका उद्घाटन लंबित था, जिससे नाराज़ स्थानीय निवासियों और किसानों ने हाल ही में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद अथॉरिटी ने तुरंत इसे आवाजाही के लिए खोलने का निर्णय लिया। फ्लाईओवर के चालू होने से भंगेल, सलारपुर, छलेरा, बरोला, आघापुर सहित कई गांवों और नोएडा के सेक्टर 40, 41, 43, 47, 48, 82, 88, 101 और 106 के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इन इलाकों से NSEZ, सूरजपुर और दादरी की तरफ यात्रा अब काफी आसान और तेज होगी। रोजाना ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय यात्रियों के लिए यह बदलाव बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
अथॉरिटी जल्द ही अलग-अलग सेक्टरों को फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए लूप रोड बनाने की तैयारी में है, जिससे ट्रैफिक प्रवाह और सुगम होगा। हालांकि औपचारिक उद्घाटन अभी बाकी है, लेकिन फिलहाल इस फ्लाईओवर को जनता के लिए खोल दिया गया है। इससे पूरे क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
