कोरोना

कोरोना


पूरे देश में कोरोना वायरस का नया रूप ओमिक्रोन एक बार फिर कहर बरपा रहा है। वहीं एक बार फिर से आम आदमी से लेकर सेलेब्स तक को चपेट में ले रहा है। अब बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और उनकी बहन इस महमारी का शिकार हो गई हैं। इतना नहीं अर्जुन कपूर की चचेरी बहन रिया कपूर और उनके पति करण बुलानी भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।
ताजा खबर के अनुसार अर्जुन, अंशुला, रिया कपूर और करण बुलानी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। जिसके बाद से यह चारों क्वारंटीन हैं। अर्जुन और अंशुला कपूर के पिता फिल्ममेकर बोनी कपूर की भी तबीयत खराब हैं। हालांकि उनकी कोविड 19 रिपोर्ट नेगेटिव आई है। परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया है कि फिलहाल अर्जुन, अंशुला, रिया कपूर और करण बुलानी क्वारैंटाइन है।
इन सभी में कोविड 19 के अभी हल्के लक्षण नजर आए हैं। अर्जुन कपूर मुंबई के एक होटल में क्वारंटीन हैं। अर्जुन कपूर से पहले अभिनेता रणवीर शौरी ने भी सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि वह भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। वहीं इन कलाकारों से पहले अभिनेत्री करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा कोरोना वायरस का शिकार हो गई थीं। न्यूज एजेंसी एएनआई की खबर के अनुसार बीएमसी ने कहा था कि करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा कोविड-19 के सभी नियमों और दिशा निर्देशों का उल्लंघन कर कई पार्टियों में हिस्सा ले रही थीं। जिसके चलते यह दोनों कोरोना वायरस की चपेट में आ गई थीं।
दरअसल, करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद बीएमसी ने दोनों के संपर्क में आए लोगों को आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाने के ऑर्डर दिए थे। बीते दिनों निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने अपनी फिल्म कभी खुशी कभी गम के 20 साल पूरे होने पर एक पार्टी रखी थी। इस पार्टी में करीना कपूर खान अपनी बहन करिश्मा कपूर के साथ शामिल हुई थीं। करण जौहर की इस पार्टी में अन्य फिल्मी सितारों ने भी हिस्सा लिया था। इस पार्टी में करीना कपूर खान की खास दोस्त अमृता अरोड़ा भी शामिल हुईं थीं।
गौरतलब है कि भारत में अब तक 781 ओमिक्रोन संक्रमण के केस सामने आ चुके हैं। ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए देश के कई राज्यों ने पाबंदियां लगानी शुरू कर दी हैं। वहीं कई राज्यों ने तो नाइट कर्फ्यू लगाने का घोषणा कर दिया है।

About Post Author