बल्लभगढ़ में आवारा कुत्तों का आतंक: 10 वर्षीय पार्थ पर 8 कुत्तों का हमला, शरीर पर 50 से ज्यादा जख्म, सिर की सर्जरी

मीनाक्षी, आईआईएमटी न्यूज, हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित सेक्टर-70 की मलबरी काउंटी सोसायटी में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। मंगलवार शाम को सोसायटी के बेसमेंट में साइकिल चला रहे 10 वर्षीय बच्चे पार्थ पर सात से आठ आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में बच्चे के शरीर पर 50 से अधिक गंभीर घाव आए हैं, जबकि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी सर्जरी करनी पड़ी।

घटना के बाद पूरे सोसायटी परिसर में दहशत का माहौल है। निवासियों का आरोप है कि सोसायटी में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन और नगर निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

साइकिल की चेन उतरने पर हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, पार्थ अपने दोस्तों के साथ सोसायटी के बेसमेंट में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान उसकी साइकिल की चेन उतर गई। वह साइकिल की चेन ठीक करने के लिए रुका ही था कि वहां मौजूद सात से आठ आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया।

कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिराकर उसके सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई जगह काट लिया। पार्थ की चीख-पुकार सुनकर उसके दोस्त घबरा गए और करीब 100 मीटर दूर मुख्य गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों को सूचना देने दौड़े।

10 मिनट तक कुत्तों के बीच फंसा रहा बच्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब तक सुरक्षा कर्मी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, तब तक कुत्ते करीब 10 मिनट तक बच्चे पर हमला करते रहे। सुरक्षा कर्मचारियों ने किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे को छुड़ाया।

गंभीर रूप से घायल पार्थ को तुरंत बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि रास्ते में बच्चे की तबीयत अधिक बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे सेक्टर-21ए स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सिर की करनी पड़ी सर्जरी

अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि बच्चे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बुधवार को उसकी सर्जरी की गई। फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पार्थ के परिजनों के अनुसार, बच्चे के शरीर पर 50 से अधिक जख्म हैं। परिवार इस घटना से सदमे में है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

सोसायटी में पहले भी हो चुके हैं कई हमले

मलबरी काउंटी सोसायटी में लगभग 600 फ्लैट हैं और यहां तीन हजार से अधिक लोग रहते हैं। निवासियों का दावा है कि पिछले कुछ महीनों में बच्चों और बुजुर्गों सहित 50 से अधिक लोगों पर आवारा कुत्तों के हमले हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसायटी के बेसमेंट, पार्क और खुले क्षेत्रों में कुत्तों के झुंड अक्सर घूमते रहते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

डॉग लवर्स पर लगाए आरोप

निवासियों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग सोसायटी परिसर के भीतर ही आवारा कुत्तों को खाना खिलाते हैं, जिसके कारण उनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि नगर निगम द्वारा सोसायटी से बाहर लगभग 50 मीटर की दूरी पर फीडिंग प्वाइंट बनाया गया है, लेकिन इसके बावजूद परिसर के अंदर ही कुत्तों को खाना खिलाया जाता है।

निवासी सुरेश बंसल का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर फ्लैट खरीदने के बावजूद लोग अपने बच्चों को बाहर खेलने भेजने से डर रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी नगर निगम केवल औपचारिक कार्रवाई कर कुछ कुत्तों को पकड़कर मामला शांत कर देता है।

महिलाओं और बच्चों ने किया प्रदर्शन

घटना के विरोध में बुधवार सुबह सोसायटी की महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने हाथों में डंडे लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई और बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से सोसायटी परिसर को आवारा कुत्तों से मुक्त कराने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

About Post Author