फाजिल नगर का नाम बदलेगा, अब ‘पावागढ़’ के नाम से होगी पहचान: सीएम योगी
रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज। कुशीनगर दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फाजिल नगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने का बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भगवान महावीर और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसकी पहचान उसी अनुरूप होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने 278 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के दौरान आयोजित जनसभा में यह घोषणा की।
सीएम योगी ने कहा कि कुशीनगर भगवान राम के पुत्र कुश, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की पावन भूमि है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में फाजिल नगर का नाम बदलकर पावागढ़ किया जाएगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नौ-दस वर्ष पहले उत्तर प्रदेश पहचान के संकट, बीमारी और माफिया राज से जूझ रहा था। रेत माफिया, खनन माफिया और अन्य आपराधिक तत्वों का प्रदेश में आतंक था। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा कि उस समय ‘जंगल पार्टी’ का खौफ था और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी।
योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने प्रदेश से माफियाओं का सफाया किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मच्छर बीमारियां फैलाते हैं, उसी तरह माफिया बेरोजगारी और भय का वातावरण पैदा करते हैं। सरकार ने बीमारी और बेरोजगारी दोनों समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण किया है। आज प्रदेश में जब भी सरकारी नौकरियों की भर्ती निकलती है, तो कुशीनगर के युवाओं को भी पारदर्शी तरीके से नियुक्ति पत्र मिलते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी, विशेषकर 25 वर्ष से कम उम्र के युवा, शायद उस दौर को नहीं जानते जब प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। आज उत्तर प्रदेश विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसरों का केंद्र बन रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास और विरासत दोनों को आगे बढ़ाना है। कुशीनगर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, बुनियादी ढांचे और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद फाजिल नगर का नाम बदलकर पावागढ़ किए जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
