राजस्थान के पाली में हनी ट्रैप का खुलासा, तीन महिलाओं ने कई लोगों को लगाया चूना

राजस्थान के पाली जिले का हनी ट्रैप कांड इन दिनों काफी सुर्खियों में है। इस कांड में अब तक तीन महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिलाओं से पूछ-ताछ की तो बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। आरोपी महिलाओं ने अपराध की दुनिया में कदम महंगे शौक और बड़ी ख्वाहिशों को पूरा करने के लिए रखा था। इसके चलते युवतियों ने युवकों को हनी ट्रैप में फंसाने की जालसाजी शुरू कर दी। मोटी रकम आते ही उनके हौसले बढ़ते गए। फिलहाल आरोपी भावना, श्वेता और दिव्या जेल में कैद है।
बता दें कि खिंवाड़ा गांव की निवासी भावना की मां पहले ही गुजर गईं थी, पिता ने दूसरी शादी कर ली जिसके बाद भावना का सौतेली मां संग झगड़ा होने लगा और उसने वह घर छोड़ दिया। इसी सिलसिले में उसने मनचाहे लोगों के साथ घूमना शुरू कर दिया। पिता के रोकने पर उसने खिवांड़ा थाने में शिकायत दर्ज करवा दी। मामले की असली कहानी हनी ट्रैप गैंग के मास्टरमाइंड रमेश चौधरी से मिलकर शुरू हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुए जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। मंहगे शौक की वजह से उसने हनी ट्रैप को अपना पेशा समझ लिया। पति के सहयोग से उसने बड़ा गैंग बना लिया। मारवाड़-गोडवाड़ के सैकड़ों लोगों को अपना शिकार बनाया। इसी बीच दोनों में आपसी मतभेद हो गया जिसके चलते भावना ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दे दी। मामले का खुलासा पति की गिरफ्तारी के बाद होने लगा। इसी प्रकरण में पुलिस ने भावना को भी दबोच लिया।
वहीं, दूसरी आरोपी महिला दिव्या तीन बच्चों की मां है। पति पंचर बनाता था, जिससे उसकी बड़ी ख्वाहिशें दफन थी। महंगे सपनों को साकार करने के लिए उसने हनी ट्रैप गैंग का सहारा लिया। दिव्या की करतूत पति की समझ से काफी दूर थी। इसके अलावा दिव्या की इन करतूतों पर लोगों को यकीन करना मुश्किल हो गया था कि क्या तीन बच्चों की मां ऐसी हरकत कर सकती है?
अब बात करें गैंग की तीसरी कड़ी की तो वो है 35 वर्षीय श्वेता। दिल्ली के कटरा गोकुलशाह सीताराम बाजार की निवासी श्वेता ने पिता की मौत के बाद पंकज नाम के सख्स से शादी कर ली। किसी आरोप में पुलिस ने पंकज को 4 साल पहले जेल भेज दिया था जिसके बाद श्वेता ने अपना घर चलाने के लिए स्पा सेंटर में काम करना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उसके काम की समझ को देखते हुए स्पा सेंटर के मालिक ने उसे राजस्थान भेज दिया। वहां उसने कुम्भलगढ़, पाली, जालोर व बाड़मेर में स्पा सेंटर का काम संभाला। इसके बावजूद उसकी बढ़ती ख्वाहिशें पूरी नहीं हो पाती थीं। इसी बीच उसने मैनेजर की मदद से हनी ट्रैप गैंग का दामन थाम लिया।
पुलिस के मुताबिक, हनी ट्रैप से जुड़ा गणेश देवासी पाली शहर के स्पा सेंटर में मैनेजर था। तीनों ने बड़ी हस्तियों को अपनी मीठी बातों के जाल में फंसाया है। पुलिस ने बताया कि नारलाई निवासी 24 वर्षीय रमेश व उसकी पत्नी भावना, 27 वर्षीय दिव्या और दिल्ली निवासी 35 वर्षीय श्वेता न्यायिक अभिरक्षा में कैद है। गैंग का मास्टरमाइंड रमेश पाली की जेल में बंद है। हालांकि, पुलिस को बाबूलाल मेघवाल, गणेश देवासी, मोहम्मद रफीक की तलाश है। जानकारी के अनुसार 29 जुलाई को एक प्रार्थी ने पाली स्थित कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाई। बताया गया कि प्रार्थी के फोन पर प्लॉट दिखाने का झांसा दिया गया था। उनकी करतूत से अंजान दोनों बुलाए हुए स्थान पर पहुंचे। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और रेप का झूठा केस दर्ज करवाने की धमकी देकर 5 लाख की डिमांड करने लगे। पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट का वीडियो बनाकर चेन और एक लाख रुपए कैश छीन लिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About Post Author