पति ने पत्नी के ऊपर डाला गर्म पानी, गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में किया भर्ती, हालत नाजुक

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक युवक ने इंसानियत को शर्मसार करते हुए अपनी पत्नी पर उबलता हुआ पानी डालकर जला दिया है। इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। घटना के बाद पीड़िता को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने कहा कि महिला के ऊपर गर्म पानी गिरने से झुलस गई है। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तीन बेटियां है, जिनमें एक बेटी का जन्म 1 साल पहले हुआ था। आरोपी सत्यपाल के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। देहात एसपी संजीव बाजपेई ने बताया कि साल 2013 में दोनों की शादी हुई थी। पीड़िता के मां-बाप का कहना है कि सत्यपाल कई बार पत्नी को 50 हजार रुपए अपने मायके से लाने का दबाव बनाता रहता है। साथ ही उसके साथ मारपीट भी करता रहता है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पीड़िता के मां-बाप ने शिकायत दर्ज करवा दी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता के स्वस्थ्य हो जाने के बाद उसके बयान लिए जाएंगे। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About Post Author