नोएडा के रबूपुरा में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार,पांच फरार

नोएडा में रबूपुरा थाना क्षेत्र के में पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब बनाने वाले दो लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाने वाली सामग्री और मिलावटी शराब बरामद की है। घटना रबूपुरा के चंडीगढ़ गांव की है। रबूपुरा थाने प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को आबकारी निरीक्षक पी सी दीक्षित तथा थाना रबूपुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ गांव के श्मशान घाट के पास छापा मारा। वहां पर मक्खन और सुंदर अवैध रूप से शराब बनाने की फैक्ट्री चला रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से 50 लीटर मिलावटी तथा कच्ची शराब बरामद की है। साथ ही 05 किलो यूरिया खाद प्लास्टिक की पन्नी में, करीब 10 किलो गुड, 100 ग्राम नमक बरामद मिला है। इससे पहले भी पुलिस ने अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया था। उस दौरान इन लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया था। पुलिस ने बताया कि छापे के दौरान पांच लोग मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। भागे गए आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया है कि वे लोग काफी दिनों से अवैध रूप से शराब बनाने के धंधे में संलिप्त थे।

About Post Author