कोरोना संक्रमित पति के संपर्क में आने के बाद प्रियंका गांधी ने रद्द किया असम दौरा, हुई क्वारंटाइन

कांग्रेस की महासचिव व पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को असम दौरा रद्द कर खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। हांलाकि गुरुवार को कांग्रेस नेत्री की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर एहतियात बरतते हुए उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया। इसकी जानकारी उन्होंने एक वीडियो ट्वीट कर दी। उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, “हाल में कोरोना संक्रमण के संपर्क में आने के चलते मुझे अपना असम दौरा रद्द करना पड़ रहा है। मेरी कल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है मगर डॉक्टरों की सलाह पर मैं अगले कुछ दिनों तक आइसोलेशन में रहूंगी। इस असुविधा के लिए मैं आप सभी से क्षमाप्रार्थी हूं। मैं कांग्रेस विजय की प्रार्थना करती हूं”।बता दें, प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा की कोरोना रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई थी, जिसकी जानकारी उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिये दी थी। फिलहाल वे होम क्वारंटाइन हैं। दरअसल, देश के पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस नेत्री ताबड़तोड़ रैलियां कर रहीं हैं। इसी बीच आज उनकी असम में तीन रैलियां थीं। असम के गोलपारा, गोलकगंज और कायाकुची में आज प्रियंका गांधी जनसभा को संबोधित करने वाली थी। लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित पति के संपर्क में आने के बाद उन्होंने खुद को कुछ दिनों के लिए क्वारंटाइन कर लिया साथ ही असम की रैलियों में न शामिल होने का फैसला लिया।

About Post Author