आरएलडी अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह का कोरोना से निधन, राष्ट्रपति कोविंद व पीएम सहित कई दिग्गजों ने जताया दुख

राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का गुरुवार को गुरुग्राम में निधन हो गया। इस बात की जानकारी उनके बेटे जयंत चौधरी ने ट्वीट कर दी। 20 अप्रैल को अजित सिंह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके देहांत की खबर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख और पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन की सूचना से दुख‌ हुआ। उन्होंने किसानों के हित में हमेशा आवाज उठायी। जनप्रतिनिधि व मंत्री के रूप में उन्होंने देश की राजनीति पर अलग छाप छोड़ी। उनके परिवार और शुभचिंतकों को प्रति मेरी शोक संवेदनाएं”।
पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”

About Post Author