Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

दिल्ली में अब गंगा आरती की तर्ज पर होगी यमुना आरती

Rajtilak Sharma (ग्रेटर नोएडा) हरिद्वार और वाराणसी की आरती पूरी दुनिया में मशहूर है। इसी की तर्ज पर अब दिल्ली में यमुना आरती शुरू होगी। आने वाले दो महीने में पूरे विधिविधान से आरती को शुरू कर दिया जाएगा। यह पूरा कार्य दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना की देखरेख में हो रहा है। आरती के संचालन की जिम्मेदारी निगमबोध का संचालन करने वाली संस्था को दिया गया है। अब लोग हरिद्वार और बनारस की तरह दिल्ली में यमुना आरती में शामिल हो सकते हैं।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर बिधूड़ी ने कहा है कि दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के प्रयासों से इस काम को किया जा रहा है। इसी के साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार यमुना आरती को लेकर फेल हो गई है। उन्होंने आगे कहा कि 14 नवंबर 2015 में सीएम अरविंद केजरीवाल ने लोगों से वादा किया था कि दिल्ली में यमुना आरती शुरू होगी। लेकिन इतने साल बीत जाने के बाद भी इस पर कोई काम नहीं हुआ। इस दौरान यमुना किनारे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें यमुना को मां बताया गया था। 

इसी के साथ ही सीएम केजरीवाल ने यमुना किराने संकल्प लिया था कि तीन साल के अंदर यमुना को पूरी तरह से साफ कर दिया जाएगा। लेकिन उन्होंने यमुना मैया से किया वादा भी भुला दिया। वह अपने भाषणों में दिल्ली की जनता से वादा करते रहे कि यमुना को इतना साफ किया जाएगा कि इसमें लोग डुबकी लगाएंगे लेकिन आज तक यमुना मैली ही होती जा रही है। केंद्र सरकार ने यमुना के लिए साढ़े आठ करोड़ रुपये दिए थे लेकिन दिल्ली सरकार ने इसका प्रयोग नहीं किया। केद्र सरकार इसका हिसाब मांग रही है लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री इसका हिसाब नहीं दे रहे हैं। इसी के साथ ही बिधूड़ी ने कहा कि अब दिल्ली के लोगों को इस बात का मलाल होगा कि मैली यमुना के किनारे उनको आरती करनी पड़ रही है।

Exit mobile version