Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, तापमान में गिरावट


विहान, आईआईएमटी न्यूज
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार का दिन मौसम के लिहाज़ से राहत भरा रहा। दिन भर की उमस और गर्मी के बाद अचानक बदले मौसम ने राजधानीवासियों को बड़ी राहत दी। दोपहर बाद धूलभरी आंधी चली, जिसके कुछ ही देर बाद कई इलाकों में तेज़ बारिश हुई। इस मौसम बदलाव ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी और वातावरण भी खुशनुमा हो गया।

मौसम विभाग ने पहले ही राजधानी में आंधी और बारिश की संभावना जताई थी, साथ ही बिजली चमकने और गरज के साथ बूंदाबांदी की चेतावनी भी जारी की थी। विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण देखने को मिला है। इस सिस्टम के प्रभाव से तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होगा, फिर से तापमान में वृद्धि देखने को मिल सकती है और गर्मी दोबारा दस्तक दे सकती है।

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, यदि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होता है, तो लू चलने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं अगर तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस या अधिक बढ़ जाए, तो उसे गंभीर लू की स्थिति माना जाता है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से खतरनाक हो सकती है।

दिल्लीवासियों के लिए फिलहाल राहत की बात यह है कि आने वाले कुछ दिन मौसम में नरमी बनी रह सकती है, हालांकि मौसम के मिजाज में बदलाव के साथ सतर्क रहने की ज़रूरत भी बनी रहेगी।

Exit mobile version