Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

15 साल के वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में चयनित होने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बने

अंकित शर्मा, आईआईएमटी न्यूज। स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम में चयनित होने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। चयन के समय उनकी उम्र 15 साल और 71 दिन है। उन्हें जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज तथा सितंबर में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

वैभव ने चयन के साथ ही भारतीय क्रिकेट के दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। उन्होंने महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए सबसे कम उम्र में भारतीय टीम में चुने जाने का रिकॉर्ड बनाया है। शेफाली वर्मा पहली बार 15 साल 220 दिन की उम्र में भारतीय टीम में शामिल हुई थीं, जबकि सचिन तेंदुलकर का चयन 16 साल 194 दिन की उम्र में हुआ था।

अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर वैभव के डेब्यू पर है। यदि उन्हें इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे या एशियन गेम्स में एक भी मैच खेलने का मौका मिलता है, तो वे भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर भी बन जाएंगे। वर्तमान में यह रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।

वैभव सूर्यवंशी ने हाल के वर्षों में अपनी प्रतिभा से क्रिकेट जगत का ध्यान आकर्षित किया है। इसी वर्ष उन्होंने अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था और इंग्लैंड के खिलाफ मात्र 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इसके अलावा IPL 2026 में उन्होंने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्हें मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सर्वाधिक छक्के लगाने जैसे कई पुरस्कार भी मिले। इस सीजन उन्होंने मात्र 36 गेंदों में शतक लगाकर रिकॉर्ड बनाया था।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी-20 टीम में भी बड़ा बदलाव किया है। श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाते हुए टीम से भी बाहर कर दिया गया है।

श्रेयस अय्यर की लगभग ढाई साल बाद भारतीय टी-20 टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। IPL 2026 में पंजाब किंग्स के लिए उन्होंने 498 रन बनाए और शानदार नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। इससे पहले वे कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स को भी बड़ी सफलताएं दिला चुके हैं।

वहीं सूर्यकुमार यादव को हालिया खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा है। टी-20 विश्व कप 2026 और IPL 2026 में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। हालांकि उनकी कप्तानी में भारत ने 2026 टी-20 विश्व कप और 2025 एशिया कप का खिताब जीता था। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने 52 में से 42 मुकाबले जीते और उनका जीत प्रतिशत 80.76 रहा।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय टी-20 टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव शामिल हैं।

भारतीय क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी का चयन भविष्य की नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर उन्होंने साबित कर दिया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती।

Exit mobile version