Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

दिल्ली में दो सड़क हादसे: आनंद पर्वत में डीटीसी बस की टक्कर से एक की मौत, द्वारका में ट्रक ने युवक को कुचला

मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज दिल्ली में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पहला हादसा आनंद पर्वत इलाके में हुआ, जहां एक डीटीसी बस ने कई लोगों को टक्कर मार दी। वहीं, द्वारका के सेक्टर-18 में एक ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की जान चली गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में एक डीटीसी बस ने कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के एक कथित चश्मदीद के मुताबिक, बस एक महिला चला रही थी। उसने बताया कि बस की चपेट में आने से दो से तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान एक स्कूटी बस के नीचे फंस गई थी। दूसरा सड़क हादसा द्वारका के सेक्टर-18 में क्रेसेंट अपार्टमेंट रेड लाइट के पास हुआ। यहां एक ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। दोनों बाइकों पर कुल चार लोग सवार थे। हादसे में गौरव नाम के युवक की सिर कुचलने से मौत हो गई, जबकि अन्य घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं में मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। साथ ही, हादसों के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Exit mobile version