रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)
आज 25 नवंबर है और उत्तर प्रदेश के लिए यह दिन ऐतिहासिक महत्व लेकर आया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घोषित सार्वजनिक अवकाश के चलते आज पूरे प्रदेश में स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद हैं। लोगों के बीच उत्सुकता है कि आखिर आज का दिन इतना खास क्यों है। इसकी दो बड़ी वजहें हैं, एक धार्मिक और दूसरी ऐतिहासिक।
पहला बड़ा आयोजन अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजारोहण है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या पहुंच कर, मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया। यह कार्यक्रम न सिर्फ धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि इसे राम मंदिर के मुख्य निर्माण कार्यों के पूर्ण होने का प्रतीक भी माना जा रहा है। अयोध्या आज विशेष रूप से सजाई गई है, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं और करीब 7,000 अतिथि देशभर से इस भव्य कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल ही अयोध्या में तैयारियों का अंतिम निरीक्षण कर चुके हैं।
दूसरी महत्वपूर्ण वजह गुरु तेग बहादुर का 350वां शहादत दिवस है। सिखों के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर ने धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का त्याग किया था। 1675 में दिल्ली में उनकी शहादत ने उन्हें “हिंद की चादर” के रूप में अमर कर दिया। उनकी स्मृति और सम्मान में आज पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रखा गया है, जिससे लोग इस महान बलिदान को श्रद्धांजलि दे सकें।
इन्हीं दो महत्त्वपूर्ण अवसरों के चलते आज उत्तर प्रदेश में सरकारी अवकाश है। 25 नवंबर 2025 का दिन राज्य के लिए सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत खास बन गया है।

