अंकित शर्मा, आईआईएमटी न्यूज। गाजियाबाद। साहिबाबाद के आनंद औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक टायर फैक्टरी में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्टरी का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, आग आनंद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अल्फा कोल्ड रेट्रेड्स नामक फैक्टरी में लगी। यहां नए टायर बनाने और पुराने टायरों पर रबर चढ़ाने का कार्य किया जाता है। सुबह अचानक धुआं और लपटें उठती देख कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने फैक्टरी परिसर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर पहुंची दमकल टीम को आग बुझाने में शुरुआती कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। फैक्टरी तक पहुंचने का केवल एक ही रास्ता था, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने फैक्टरी से सटे मंदिर की दीवार तोड़कर दूसरा रास्ता बनाया। इसके बाद आग बुझाने का अभियान तेज किया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि आग पर नियंत्रण पाने के लिए दो वाटर बाउजर और एक फोम टेंडर की मदद ली गई। लगभग 60 मिनट की लगातार कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल दमकल विभाग की टीम कूलिंग का काम कर रही है ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।
हादसे के समय फैक्टरी के अंदर कोई श्रमिक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया। सूचना मिलने पर फैक्टरी मालिक ओम प्रकाश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि फैक्टरी में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैली। आग से फैक्टरी में रखे टायर, मशीनरी और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और आसपास की अन्य इकाइयों को सुरक्षित बचा लिया गया।

