राजतिलक शर्मा
(ग्रेटर नोएडा) ऑनलाइन गेमिंग का नशा अब मासूम जिंदगियों को निगलने लगा है। गाजियाबाद से आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने हर माता-पिता की आंखें नम कर दी हैं। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में एक ही परिवार की तीन सगी बहनों ने एक साथ नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
18, 14 और 12 साल की ये तीनों बहनें—निशिका, प्राची और पाखी—जिंदगी की शुरुआत ही कर रही थीं। उनके सपने, उनकी हंसी और उनका भविष्य सब कुछ एक ऑनलाइन गेम की भेंट चढ़ गया। परिजनों के अनुसार, तीनों बच्चियां ऑनलाइन कोरियन गेम की आदी थीं। माता-पिता उन्हें समझाते थे, रोकते थे, लेकिन शायद उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि यह लत इतनी भयावह साबित होगी।
बताया गया है कि कोरोना काल के दौरान तीनों बहनों की पढ़ाई छूट गई थी और धीरे-धीरे उनका झुकाव मोबाइल और गेमिंग की दुनिया की ओर बढ़ता चला गया। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे, जब घर में सब कुछ सामान्य लग रहा था और पिता चेतन कुमार अपनी पत्नी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे, उसी दौरान तीनों बहनों ने मौत को गले लगा लिया।
पिता के अनुसार, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनकी बेटियां किसी आखिरी टास्क या लक्ष्य को पूरा करने के दबाव में थीं। आशंका है कि गेम से जुड़े उसी अंतिम टास्क ने तीन मासूम जिंदगियों को मौत की ओर धकेल दिया।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि परिवार पिछले तीन वर्षों से भारत सिटी सोसायटी में किराए पर रह रहा था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मृतक बच्चियों के मोबाइल फोन खंगाले जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।

