नेहा फौजदार आईआईएमटी न्यूज, दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा लगातार बढ़ा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में राजधानी में 6,100 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं।दिल्ली में बसों की कमी और लंबे इंतजार की समस्या को कम करने के लिए राजधानी के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। इन बसों को 7 जुलाई को आरके पुरम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई बसों को प्राथमिकता के आधार पर उन रूटों पर तैनात किया जाएगा, जहां यात्रियों की संख्या अधिक रहती है और पीक ऑवर में बसों पर सबसे ज्यादा दबाव होता है।नई बसों के संचालन से यात्रियों का इंतजार कम होगा और भीड़भाड़ वाली बसों में सफर करने की मजबूरी भी घटेगी। विभाग का कहना है कि अधिक मांग वाले रूटों पर बसों की संख्या बढ़ने से सार्वजनिक परिवहन सेवा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी। नई शामिल की जा रही 300 बसों में अधिकांश 9 मीटर लंबाई की इलेक्ट्रिक बसें हैं। इनका आकार ऐसा है कि ये मुख्य सड़कों के अलावा संकरी गलियों और उन इलाकों में भी आसानी से चल सकेंगी, जहां बड़ी बसों का संचालन कठिन होता है। इससे कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों के बीच लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इससे अधिक लोगों को सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा।दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा लगातार बढ़ा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में राजधानी में 6,100 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। 300 नई बसों के शामिल होने के बाद इनकी संख्या और बढ़ जाएगी, जिससे प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।पश्चिमी दिल्ली से मध्य दिल्ली और कश्मीरी गेट-मोरी गेट क्षेत्र तक आने-जाने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली सरकार ने नई बस सेवा शुरू की है। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने शनिवार से रूट संख्या 753 एक्सटेंडेड का संचालन शुरू कर दिया है। यह बस मोरी गेट टर्मिनल से खेड़ी बाबा पुल तक चलेगी। इससे जनकपुरी, विकासपुरी, उत्तम नगर, हस्तसाल और शिव विहार जैसे इलाकों के लोगों को बिना बस बदले सीधे मोरी गेट आईएसबीटी और पुरानी दिल्ली क्षेत्र तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। नई बस सेवा का सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों को होगा जो रोजाना कार्यालय, शिक्षा या इलाज के लिए मध्य दिल्ली आते हैं। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि नया रूट पश्चिमी और मध्य दिल्ली के बीच बेहतर कनेक्टिविटी देगा। नई सेवा से सफर का समय कम होगा, भीड़भाड़ वाले मार्गों पर राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के साथ निजी वाहनों पर निर्भरता भी घटने की उम्मीद है।
300 नई ई-बसों से बढ़ेगी राजधानी की रफ्तार, कल गृहमंत्री अमित शाह दिखाएंगे हरी झंडी

