मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित जीएन ग्रुप कॉलेज के सामने छात्र और उसके दोस्तों पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दनकौर के अट्टा गूजरान गांव निवासी प्रशांत नागर (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से इटली मेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार को भी सीज कर दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को कॉलेज के सामने बीए एलएलबी के चौथे वर्ष के छात्र केशव और उसके दोस्तों का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई।घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ नॉलेज पार्क कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सूचना के आधार पर प्रशांत नागर को सफीपुर सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट और चोरी की संपत्ति रखने का मामला दर्ज है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और जांच जारी है।
ग्रेटर नोएडा में छात्र पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

