Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद को गांव में नहीं मिली दो गज जमीन, गाजियाबाद में दफनाया गया शव

रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की हत्या के आरोपी असद की मौत के बाद एक नया विवाद सामने आया है। पुलिस मुठभेड़ में मारे गए असद के शव को उसके पैतृक गांव बुलंदशहर के महुआखेड़ा में दफनाने की तैयारी थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते ऐसा नहीं हो सका। अंततः परिजनों को उसका अंतिम संस्कार गाजियाबाद के एक कब्रिस्तान में करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, असद के पिता नवाब करीब 20 वर्ष पहले महुआखेड़ा गांव छोड़कर परिवार सहित गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में रहने लगे थे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने असद का शव उसके चाचा आबिद और अन्य परिजनों को सौंप दिया था। परिवार की इच्छा थी कि असद को उसके पैतृक गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया जाए, लेकिन जैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना था कि सूर्या चौहान की निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है और गांव में असद के शव को दफनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। विरोध बढ़ने के बाद परिजनों ने गांव में अंतिम संस्कार का विचार छोड़ दिया और शव को गाजियाबाद ले जाकर दफना दिया।

असद के चाचा आबिद ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि असद ने गलत रास्ता चुना था और उसे अपने कर्मों की सजा मिली। उन्होंने कहा कि यदि कोई विवाद था तो उसे बातचीत से सुलझाया जा सकता था। हत्या जैसा जघन्य अपराध किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। आबिद ने कहा कि असद ने जैसा किया, ऊपर वाले ने उसे वैसी ही सजा दी।

गौरतलब है कि बकरीद के दिन खोड़ा में कक्षा 11 के छात्र सूर्या चौहान की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ में मार गिराया था। मामले में अन्य आरोपियों और फरार संदिग्धों की तलाश अभी भी जारी है। वहीं, इस घटना को लेकर गाजियाबाद से लेकर बुलंदशहर तक लोगों में भारी आक्रोश बना हुआ है।

Exit mobile version