Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

सपा सुप्रीमो ने की “विजय यात्रा” की शुरुआत, प्रसपा ने भी फूंका परिवर्तन यात्रा का विगुल

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सभी राजनीतिक दलों ने दमखम दिखाना शुरु कर दिया है। आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विजय यात्रा की शुरुआत की है। सपा की इस रथ यात्रा की शुरुआत कानपुर से हुई है। बता दें, सपा की यह विजय रथ यात्रा कानपुर से हमीरपुर तक जाएगी।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने विजय रथ यात्रा की शुरुआत से पहले भारतीय जनता पार्टी की योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ”भाजपा ने गंगा मईया को धोखा दिया, जहां साफ होनी थी गंगा आज वैसी ही गंदी हैं। कानपुर बड़ा शहर है। यहां कारोबार, रोज़गार है। कानपुर के लोगों ने अपनी बर्बादी देखी है। भाजपा की केंद्र और यूपी सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया, रोज़गार छीने हैं, मंहगाई बढ़ी है।”

बता दें, एक तरफ यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कानपुर से विजय रथ यात्रा की शुरुआत की है तो वहीं दूसरी तरफ उनके चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मथुरा से परिवर्तन यात्रा का विगुल फूंक दिया है। शिवपाल यादव की इस यात्रा में सबसे खास बात यह है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लखनऊ से चुनाव लड़ चुके आचार्य प्रमोद कृष्णम भी शामिल हुए हैं।

गौरतलब है, सपा और प्रसपा की इस यात्रा को लेकर योगी कैबिनेट में स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने दोनों पार्टियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। जब परिवार ही एक नहीं है और उसी के अंदर विभाजन है तो समाजवादी पार्टी के लोग विभाजन की राजनीति ही करेंगे। उनका चाल चरित्र चेहरा तो परिवार से ही दिखता है। बेटे जान ने चाचा जान और अब्बा जान का क्या हश्र किया है वो आपके सामने है।

Exit mobile version