मीनाक्षी जागलान, आईआईएमटी न्यूज देश की राजधानी दिल्ली में कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने मंगलवार को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शन किया। छात्र संगठन ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की। एनएसयूआई ने चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर यह प्रदर्शन किया और कहा कि जवाबदेही की मांग को लेकर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। संगठन की ओर से जारी बयान के अनुसार, जाखड़ समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर सात पर एकत्र हुए और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए कनॉट प्लेस क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि अधिकारी शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को रोकने के लिए बल प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने से चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने की उनकी मांग खत्म नहीं होगी। एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर उसकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
दिल्ली में एनएसयूआई का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

