रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)
नोएडा में मेट्रो विस्तार की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने तीन नए रूटों की डिटेल्ड डिजाइन ड्राइंग तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस काम के लिए सलाहकार कंपनी आयशा का चयन किया गया है, जो सभी तकनीकी डिजाइनों का मसौदा तैयार करेगी। आवश्यक दस्तावेज़ों की जांच के बाद कंपनी को औपचारिक रूप से काम सौंपा जाएगा।
NMRC इस परियोजना के लिए लगभग 24.21 करोड़ रुपये खर्च करेगा। कंपनी अगले पाँच वर्षों तक इन तीनों प्रस्तावित रूटों पर तकनीकी सहयोग प्रदान करती रहेगी। कुल मिलाकर 31.595 किलोमीटर लंबे इस नेटवर्क के पूरा होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है। सबसे लंबा रूट सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक प्रस्तावित है, जिसकी लंबाई लगभग 17.3 किलोमीटर होगी और इसमें 11 स्टेशन शामिल किए जाएंगे। दूसरा कॉरिडोर सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक करीब 11.56 किलोमीटर का होगा और इस पर 8 स्टेशन बनेंगे। तीसरा रूट ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक 2.6 किलोमीटर लंबा है, जिसके लिए केंद्र सरकार से मंजूरी भी मिल चुकी है। इस रूट के लिए मिट्टी परीक्षण का कार्य जारी है।
NMRC ने सेक्टर-142–बॉटेनिकल गार्डन और डिपो–बोड़ाकी कॉरिडोर का टोपोग्राफिक सर्वे पूरा कर लिया है, जिसकी रिपोर्ट अब डिजाइन ड्राइंग में शामिल की जाएगी। विशेष बात यह है कि तीनों रूटों के प्रस्तावित सभी स्टेशनों पर सोलर पैनल लगाने की योजना है, जिससे स्टेशन परिसर की बिजली जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी की जा सकेंगी।

