Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक चलने वाली नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट को मंजूरी, अप्रैल में शुरू होगा निर्माण

रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नमो भारत ट्रेन का नया रूट तैयार किया जा रहा है। एनसीआरटीसी ने गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा के बीच चलने वाली इस हाई-स्पीड ट्रेन की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कर ली है। यह रूट लगभग 61.5 किलोमीटर लंबा होगा और इस पर करीब 15,745 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अप्रैल 2026 के आसपास इसके निर्माण कार्य की शुरुआत की योजना है।

इस प्रस्तावित रूट में कुल छह स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें गुरुग्राम के इफ्को चौक और सेक्टर-54, फरीदाबाद के बाटा चौक और सेक्टर-85-86, नोएडा सेक्टर-142-168 और ग्रेटर नोएडा का सूरजपुर स्टेशन शामिल हैं। सभी स्टेशन एलिवेटेड होंगे और ट्रेन छह कोचों के साथ शुरू होगी। अनुमान है कि शुरुआत में प्रतिदिन लगभग 3.84 लाख लोग इस रूट से सफर करेंगे, जबकि साल 2054 तक यह संख्या बढ़कर 8.53 लाख तक पहुंच सकती है। परियोजना के लिए करीब 75 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी, जिसमें 41.8 हेक्टेयर निजी जमीन शामिल है। साथ ही निर्माण में 5655 पेड़ों को काटना पड़ेगा, जिसके स्थान पर लगभग 56 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। रूट का एक हिस्सा अरावली पर्वतमाला के बीच से होकर गुजरेगा, जिसकी लंबाई लगभग 18.2 किलोमीटर होगी।

एनसीआर के लोगों में इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उम्मीदें हैं। ट्रेफिक जाम, लंबा सफर और रोज़ के समय की बचत इस ट्रेन से संभव होगी। इसके शुरू होने से गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे बड़े शहरों के बीच आवागमन अधिक तेज़ और सुगम हो जाएगा।

Exit mobile version