Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

भारतीय सेना ने पाकिस्तान को दिया करारा जवाब,राजस्थान में हाई अलर्ट, सीएम भजनलाल ने बुलाई आपात बैठक


प्रफुल्ल शर्मा

(ग्रेटर नोएडा) राजस्थान के सीमावर्ती जिलों जैसलमेर और बाड़मेर में 8 मई की सुबह पाकिस्तान की ओर से की गई ड्रोन हमले की नाकाम कोशिश के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। सीमा क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और रातोंरात ब्लैकआउट की स्थिति बनाई गई ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके। इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपात बैठक बुलाई है।

भारतीय सेना ने पाकिस्तान के इन दुस्साहसिक प्रयासों का मुंहतोड़ जवाब दिया है। बुधवार देर रात जैसलमेर में पाकिस्तानी सेना ने करीब 20 मिसाइलें दागीं, जिससे पूरे क्षेत्र में खतरे का सायरन लगातार गूंजता रहा। स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है, लेकिन सेना की मुस्तैदी ने एक बड़े नुकसान को टाल दिया।

जैसलमेर और उसके आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों के लिए स्कूल और कॉलेज बंद करने के आदेश प्रशासन द्वारा जारी कर दिए गए हैं। सेना और स्थानीय प्रशासन मिलकर हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

इस हमले को हाल ही में 22 अप्रैल को हुए ऑपरेशन सिंदूर की प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले के जवाब में पाकिस्तान में सक्रिय 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। उसके बाद पाकिस्तान की ओर से पूंछ और अब जैसलमेर में जवाबी कार्रवाइयों की कोशिश की गई।

भारतीय सेना ने ‘सुदर्शन चक्र’ प्रणाली और अत्याधुनिक S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की सहायता से पाकिस्तान की इस साजिश को नाकाम कर दिया।

राज्य और केंद्र सरकार दोनों हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सेना के उच्च अधिकारी सीमा क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा, “राजस्थान की जनता पूरी तरह सुरक्षित है। हमारी सेना पूरी ताकत के साथ खड़ी है और हर चुनौती का जवाब देने में सक्षम है।”

जैसलमेर-बाड़मेर के सीमाई गांवों में चौकसी और सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है, जबकि आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Exit mobile version