रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)
IIMT College of Management में सोमवार को आयोजित फ्रेशर्स पार्टी ‘तरंग 2025’ नए सत्र की शुरुआत का शानदार अवसर बनकर सामने आई। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में BBA, BCA, B.Com, BAJMC और MAJMC के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कॉलेज परिसर को आकर्षक लाइटिंग, रंगीन सजावट और ऊर्जावान संगीत से सजाया गया था, जिसने माहौल को पूरी तरह युवा उत्सव में बदल दिया। नए आए छात्रों का स्वागत कॉलेज प्रशासन और सीनियर्स ने गर्मजोशी और उत्साह के साथ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत, आईआईएमटी कॉलेज ऑफ़ मैनेजमेंट के डायरेक्टर प्रोफेसर हर्षित सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई।जिसके बाद मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की झड़ी लग गई। सीनियर्स ने नए छात्रों के सम्मान में शानदार डांस, सिंगिंग और म्यूजिकल परफॉर्मेंस पेश किए, जिनकी सराहना पूरी ऑडियंस ने तालियों की गड़गड़ाहट से की। फ्रेशर्स पार्टी का सबसे खास और प्रतीक्षित हिस्सा रहा मिस्टर और मिस फ्रेशर 2025 का चयन, जिसके लिए बैच–वाइज प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्रों ने रैंप वॉक, इंट्रोडक्शन राउंड और टैलेंट शोकेस में अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
BAJMC विभाग से सोनू को मिस्टर फ्रेशर और स्नेहा को मिस फ्रेशर चुना गया। BBA के छात्रों में अभी गोयल ने मिस्टर फ्रेशर का खिताब हासिल किया, जबकि राशि गुप्ता मिस फ्रेशर बनीं। BCA की प्रतियोगिता में तनिष्क मिस्टर फ्रेशर और आकृति मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किए गए। वहीं B.Com विभाग से विकास मिस्टर फ्रेशर और यशवी मिस फ्रेशर बनीं। सभी विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया, जहां उपस्थित छात्रों ने उत्साहपूर्वक तालियाँ बजाकर उनका स्वागत किया। दिनभर चले कार्यक्रम में छात्रों की जोशीली भागीदारी देखने को मिली। मंच पर पॉप म्यूजिक, बॉलीवुड डांस, रैप परफॉर्मेंस और मजेदार गेम्स ने माहौल को लगातार रोमांचक बनाए रखा। नए छात्रों ने भी मंच पर आते ही अपनी झिझक को पीछे छोड़कर खुलकर अपनी पहचान बनाई और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। फ्रेशर्स पार्टी ने जूनियर्स और सीनियर्स के बीच सकारात्मक संबंध स्थापित करने का अवसर प्रदान किया, जिससे कॉलेज वातावरण में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
कॉलेज प्रशासन ने कहा कि ‘तरंग 2025’ सिर्फ एक मनोरंजक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों को प्रोत्साहित करने और उनकी छिपी प्रतिभाओं को पहचान देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। संस्थान शिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, सृजनशीलता और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने वाले ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। छात्रों के लिए यह दिन यादगार बन गया, क्योंकि यहां उन्हें नया परिवार, नई पहचान और नए अवसर मिले।
कार्यक्रम के अंत में सभी फैकल्टी सदस्यों ने विजेताओं और उपस्थित छात्रों को शुभकामनाएँ दीं और छात्रों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सहयोगात्मक भावना के साथ अपने अकादमिक सफर को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। IIMT College of Management की यह फ्रेशर्स पार्टी नए सत्र में उत्साह, उमंग और उम्मीदों की नई तरंग लेकर आई।

