Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

दिल्ली में निर्माणाधीन मकान ढहा, मलबे में मिले दो शव; लेंटर डालने के बाद हुआ हादसा

मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार स्थित मिलन गार्डन में रविवार शाम एक निर्माणाधीन मकान अचानक ढह गया। हादसे में अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:46 बजे सेवाधाम रोड पर लगभग 200 गज के मकान के गिरने की सूचना मिली थी। मकान मालिक कुलविंदर तंवर ने बताया कि इमारत पुरानी थी और पिछले कुछ दिनों से उस पर एक अतिरिक्त मंजिल बनाने का काम चल रहा था। रविवार को ही मकान का लेंटर डाला गया था और शाम करीब पांच बजे तक काम जारी था। मजदूरों के वहां से जाने के बाद अचानक मकान ढह गया। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी इमारत लेंटर का वजन नहीं सह सकी। उत्तर-पूर्वी जिले के अतिरिक्त डीसीपी संदीप लांबा ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान जारी है।

Exit mobile version