Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

ग्रेटर नोएडा में पड़ोसी ने मारी गोली, 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या से सनसनी

रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी गांव अच्छेजा छपरौला में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जीवन किशोर (50) पुत्र रामदास निवासी कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रॉयल सिटी गांव में रह रहे थे। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि जीवन किशोर को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मृतक के पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की का नाम सामने आया है। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच एजेंसियां घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर काम कर रही हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के पीछे पुराने विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version