Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

ग्रेटर नोएडा में चार शातिर गिरफ्तार, दो पिस्टल, दो तमंचे और नौ कारतूस बरामद

रामशंकर, आईआईएमटी न्यूज, ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो तमंचे, नौ जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ पहले से दस संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सादुल्लापुर सर्विस रोड स्थित खेड़ी गोल चक्कर के पास घेराबंदी कर चार संदिग्ध युवकों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान राहुल यादव निवासी होशियारपुर, यश नागर निवासी सादुल्लापुर, अभिषेक उर्फ अन्नू निवासी मिल्क लच्छी और जोगेंद्र उर्फ हैप्पी निवासी जलालपुर के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान राहुल यादव के पास से एक अवैध पिस्टल और तीन कारतूस, यश नागर के पास से एक अवैध पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। वहीं अभिषेक उर्फ अन्नू और जोगेंद्र उर्फ हैप्पी के कब्जे से एक-एक तमंचा तथा दो-दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की है।

जांच में सामने आया कि यश नागर थाना इकोटेक-3 क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से खरीदे गए और उनका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया गया था या नहीं।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इनके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और हथियार सप्लाई करने वालों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Exit mobile version