Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

खुशखबरी! नोएडा से ग्रेटर-नोएडा जाना अब बेहद आसान

रोशनी शंकर, नोएडा

नोएड से ग्रेटर नोएडा जाना अब और आसान होने वाला है, क्योंकि शहर और आसपास के क्षेत्रों में मेट्रो कनेक्टिविटी को और मज़बूत बनाने के लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एनएमआरसी ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट, बोड़ाकी और सेक्टर-142 से लेकर सेक्टर-38ए बॉटनिकल गार्डन तक प्रस्तावित मेट्रो रूटों के लिए डिटेल डिज़ाइन कंसल्टेंट चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए बाकायदा टेंडर जारी कर दिया गया है।

बोड़ाकी कॉरिडोर को मिली केंद्र से मंजूरी

अधिकारियों के अनुसार अब तक सिर्फ बोड़ाकी कॉरिडोर को केंद्र सरकार से हरी झंडी मिल पाई है। इस रूट की स्वीकृति मिलने के बाद यहां मेट्रो परियोजना की दिशा तय हो गई है। वहीं सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक जाने वाले कॉरिडोर पर भी केंद्र स्तर पर बैठक हो चुकी है। अब उस बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट आने का इंतजार है। इसके बाद यह प्रस्ताव मंजूरी के लिए केंद्रीय कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। उधर, नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट कॉरिडोर पर अभी तक कोई बैठक आयोजित नहीं हुई है, इसलिए इस प्रोजेक्ट में फिलहाल और वक्त लगने की संभावना है।

सलाहकार तैयार करेगा विस्तृत रिपोर्ट

एनएमआरसी अधिकारियों का कहना है कि चयनित डिज़ाइन कंसल्टेंट तीनों कॉरिडोर का विस्तृत सर्वे करेगा। इसमें सिविल डिज़ाइन, लागत का अनुमान, ट्रैक बिछाने की तकनीक, विद्युत और यांत्रिक व्यवस्थाओं का पूरा खाका तैयार किया जाएगा। इस रिपोर्ट के आधार पर ही आगे का रोडमैप तय होगा। इसके लिए एनएमआरसी लगभग 24 करोड़ 21 लाख रुपये का भुगतान करेगा।

लोगों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

विशेषज्ञों का मानना है कि इन रूटों के शुरू होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर ग्रेनो वेस्ट और बॉटनिकल गार्डन के बीच सीधी मेट्रो लाइन शुरू होने से दिल्ली तक पहुँच और आसान हो जाएगी। ट्रैफिक जाम से राहत के साथ-साथ सफर का समय भी काफी कम हो जाएगा।

Exit mobile version