Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

जिम्स में कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, एडीसीपी और एसडीएम पहुंचे; पुलिस से तीखी बहस

अंकित शर्मा, आईआईएमटी न्यूज, ग्रेटर नोएडा। कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को स्थिति का जायजा लेने के लिए ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार और सदर एसडीएम आशुतोष गुप्ता मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया और उन्हें काम पर लौटने की अपील की।

हालांकि प्रदर्शनकारी कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नियमितीकरण समेत अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

हड़ताल के चलते संस्थान की कई सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने अस्पताल परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और बातचीत के माध्यम से जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। वहीं कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Exit mobile version