मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों की रकम में हेराफेरी का मामला सामने आया है। करीब 35 करोड़ रुपये की गड़बड़ी के आरोपों के बाद कई खाताधारक बैंक पहुंच गए। पीड़ितों का आरोप है कि उनकी एफडी समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में भेज दी गई, जबकि कई लोगों के बचत खातों से भी पैसे गायब हैं।मामले को लेकर किसान मजदूर संगठन ने पीड़ितों के साथ बैंक परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन ने एफआईआर दर्ज करने और रकम वापस मिलने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी है। एक खाताधारक के मुताबिक, उनकी मां संतोष के खाते में 1.18 करोड़ रुपये जमा थे, लेकिन अब बैलेंस जीरो दिख रहा है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने खाते से 1.38 लाख रुपये गायब होने की शिकायत की है।बिरौंडा से सेक्टर पाई क्षेत्र में रहने वाले गौतम ने बताया कि उनके पिता के खाते में पहले करीब 94 लाख रुपये थे। सोमवार को 50 हजार रुपये निकालने के लिए बैंक पहुंचने पर पता चला कि खाते में सिर्फ 16 हजार रुपये बचे हैं। एक अन्य खाताधारक का आरोप है कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के बाद उनकी मां के खाते में करीब 1.29 करोड़ रुपये का मुआवजा आया था। परिवार ने लगभग 15 लाख रुपये ही निकाले थे, इसके बावजूद खाते में एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम कम मिली। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा में PNB खातों से करोड़ों की हेराफेरी का आरोप, 1.18 करोड़ गायब,खाते में बचे सिर्फ 16 हजार रुपये

