मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी स्थित ईदगाह मछली मंडी के पास बुधवार दोपहर बाद एक जर्जर चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 7 घायल हैं। घटना दिन में करीब 3:10 बजे हुई। हादसे के समय मकान में मौजूद और आसपास से गुजर रहे लोग मलबे में दब गए। बचाव दल को सुबह एक शव और बरामद हुआ।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ, एमसीडी व डीडीएमए की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना के 15 से 20 मिनट में बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।राहतकर्मियों ने रात तक 11 लोगों को मलबे से बाहर निकाला था, जिनमें तीन को बचाया नहीं जा सका। आठ घायलों को इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में चार महीने की गर्भवती, एक 12 साल की लड़की और एक बच्चा शामिल है।इमारत करीब 20 साल पुरानी थी। पहले यह दो मंजिला थी, लेकिन पिछले साल दो और मंजिलें बना दी गईं। इमारत से सटे एक हिस्से में तोड़फोड़ भी चल रही थी जिससे नींव पर दबाव पड़ रहा था। मंगलवार रात आए भूकंप के बाद इमारत में कई जगह दरारें आ गई थीं। मकान मालिक ने इसे खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी थी। लेकिन लोग यहां से कहीं और जाते उससे पहले ही बुधवार को पूरी इमारत ढह गई।
दिल्ली में चार मंजिला इमारत गिरी, गर्भवती महिला समेत चार की मौत, रेस्क्यू जारी

