Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

फटे 10 रुपये के नोट को लेकर विवाद, डिलीवरी बॉय ने खाया जहर; 16 दिन बाद मौत

मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में फटे 10 रुपये के नोट को लेकर हुए विवाद के बाद एक डिलीवरी बॉय ने जहर खा लिया। करीब 16 दिन तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद 20 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। समीर ने जहर खाने से पहले 6 मिनट 14 सेकंड का एक वीडियो बनाया था। इसमें उसने अपना दर्द बताते हुए कहा, “क्या गरीब होना गुनाह है? गरीबों को दुनिया में रहने का हक नहीं है क्या?” वीडियो में उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, समीर अपने परिवार के साथ कल्याणपुरी के खिचड़ीपुर इलाके में रहता था। वह एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। 4 अक्तूबर की रात वह सामान पहुंचाने के लिए ईस्ट विनोद नगरी स्थित रामपाल सिंह के घर गया था। आरोप है कि 10 रुपये का फटा नोट लेने से इनकार करने पर रामपाल और उसके बेटे ने समीर के साथ गाली-गलौज की और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद समीर ने रात करीब 11:03 बजे पुलिस को फोन कर शिकायत की। पुलिस उसे थाने ले गई और उसका मेडिकल कराया गया। समीर के बयान के आधार पर 5 अक्तूबर को मारपीट का मामला दर्ज किया गया। बाद में दोनों आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस घटना से समीर काफी आहत था। उसने अपने वीडियो में कहा था कि अगर उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई तो वह 24 घंटे के भीतर जहर पी लेगा। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा था। करीब 16 दिन बाद उसकी मौत हो गई।

Exit mobile version