कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, घाटों पर दीप जलाकर मंदिरों में किए दर्शन

(ग्रेटरनोएडा) कार्तिक पूर्णिमा का त्योहार प्रदेश भर में आस्था विश्वास के साथ मनाया जा रहा है। धार्मिक नगरी अयोध्या और वाराणसी में सुबह से अब तक लाखों श्रद्धालु सरयू और गंगा में डुबकी लगा चुके हैं। स्नान के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सुबह चार बजे से ही लोगों का जमाव घाटों पर शुरू हो गया था।
अयोध्या में पर्व की पूर्व संध्या पर सरयू के स्नान घाट से प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए दर्शनार्थियों की कतारें लगी रहीं। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। उधर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। ड्रोन के साथ ही सादी वर्दी में सुरक्षा कर्मी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। वाराणसी में गंगा घाटों पर भारी भीड़ है।
इसी तरह प्रदेश के अन्य जिलों में भी श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। घाटों पर मेले का भी आयोजन किया गया।