Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

दिल्ली-सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर कूल बनने की कोशिश, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

मीनाक्षी आईआईएमटी न्यूज ,सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर इलाके में दबदबा बनाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पटेल नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिव्यांशु के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पर पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपराध का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस तमाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर निगरानी रख रही है। इसी दौरान पुलिस की निगरानी में एक इंस्टाग्राम अकाउंट सामने आया, जिस पर एक युवक चाकू लहराते हुए तस्वीरें पोस्ट कर रहा था। थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे शादीपुर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर अपनी लोकप्रियता हासिल करने और इलाके में दबदबा कायम करने के उद्देश्य से चाकू के साथ तस्वीरें पोस्ट की थीं। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पता चला कि उसके खिलाफ मोती नगर और पटेल नगर थाने में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक गतिविधि के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।

Exit mobile version