रामशंकर आईआईएमटी न्यूज स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में छह जगह बम होने की धमकी मिली है। यह धमकी मेल के जरिए मिली। इसमें जामनगर हाउस और झंडेवालान मंदिर समेत कई महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। वहीं, दिल्ली उच्च न्यायालय को एक ईमेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। इस धमकी के बाद उच्च न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई। हालांकि, जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही न बरतते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। धमकी भरे ईमेल के बाद दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, वकीलों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। न्यायालय की सुनवाई स्थगित कर दी गई। बम निरोधक दस्ता, खोजी कुत्तों के साथ मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी शुरू की। इस तलाशी के दौरान किसी भी तरह के विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह धमकी किसने और किस उद्देश्य से दी है।
दिल्ली हाई कोर्ट समेत छह जगह बम की धमकी,जांच में जुटी पुलिस

