Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

नोएडा में एक्वा मेट्रो का विस्तार, 11 नए स्टेशन बनेंगे

रोशनी शंकर (ग्रेटर नोएडा)

नोएडा। शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जाम की समस्या से राहत और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए नोएडा में एक्वा मेट्रो लाइन का विस्तार किया जाएगा। इस परियोजना के तहत कुल 17.435 किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर तैयार होगा और इसमें 11 आधुनिक स्टेशन बनाए जाएंगे।

दो चरणों में पूरा होगा प्रोजेक्ट
अधिकारियों के अनुसार, इस काम को दो हिस्सों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में सेक्टर-51 से सेक्टर-2 तक और दूसरे चरण में ग्रेटर सेक्टर-2 से ग्रेटर सेक्टर-5 तक लाइन बिछाई जाएगी। इस विस्तार से लगभग 4 लाख यात्रियों को सीधा फायदा होगा। वर्तमान में एक्वा लाइन सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक चल रही है, जिसे अब आगे सेक्टर-142 तक बढ़ाया जाएगा।

खर्च और फंडिंग
इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 2,991.60 करोड़ रुपये होगी। इसमें नोएडा प्राधिकरण 33% और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 67% हिस्सेदारी निभाएंगे। इसके अलावा केंद्र और यूपी सरकार के साथ-साथ एनसीआर प्लानिंग बोर्ड भी फंडिंग में सहयोग करेंगे।

कौन-कौन से होंगे नए स्टेशन?
रूट में सेक्टर-61 को इंटरचेंज हब बनाया जाएगा। अन्य स्टेशनों में सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123, ग्रेटर सेक्टर-2, ग्रेटर सेक्टर-3, ग्रेटर सेक्टर-4, ग्रेटर सेक्टर-10, ग्रेटर सेक्टर-12, इकोटेक-12 और नॉलेज पार्क-5 शामिल रहेंगे।

निर्माण कब से?
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अनुसार, प्रोजेक्ट को लेकर पीआईबी की मंजूरी के बाद नवंबर के आखिर या दिसंबर की शुरुआत में प्रस्ताव पेश किया जा सकता है। इसके बाद तीन महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और अगले साल के अंत तक सिविल वर्क पूरा होने की संभावना है।

यह विस्तार नोएडा-ग्रेटर नोएडा के यात्रियों के लिए सफर को और सुगम व तेज बनाने के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति देगा।

Exit mobile version