Site icon IIMT NEWS, Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

स्वतंत्रता दिवस 2025 के मुख्य समारोह को लेकर दिल्ली-एनसीआर में व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू। बंद रहेंगे ये मार्ग…

रोशनी, IIMT, ग्रेटर नोएडा

 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे और दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित होंगे। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के मद्देनज़र दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है, जिसके अनुसार कई मार्गों को या तो बंद कर दिया जाएगा या वहां डायवर्जन लागू होगा।

दिल्ली में नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एस.पी. मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड और निषाद राज मार्ग जैसे प्रमुख रास्ते सुबह 6 बजे से यातायात के लिए बंद रहेंगे। रिंग रोड, वजीराबाद से आईटीओ, विकास मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग पर भी वाहनों के आवागमन से बचने की सलाह दी गई है। छत्रसाल स्टेडियम के आस-पास हकीकत नगर नाला रोड, किंग्सवे कैंप चौक, भामा शाह चौक, मॉडल टाउन और नानक प्याऊ गुरुद्वारा क्षेत्रों में डायवर्जन होगा, जबकि मॉल रोड, स्टेडियम रोड और पुराना जीटी करनाल रोड पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

एनसीआर के अन्य जिलों में भी ट्रैफिक व्यवस्था बदल दी गई है। फरीदाबाद में 14 अगस्त रात 10 बजे से 15 अगस्त दोपहर 2 बजे तक दिल्ली की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा, जिसमें बदरपुर बॉर्डर, प्रह्लादपुर, सूरजकुंड, मंगर चौकी, सेक्टर-30 कट और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे शामिल हैं। गुरुग्राम में 14 अगस्त शाम 5 बजे से 15 अगस्त दोपहर 1:30 बजे तक दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा और लंबी दूरी के वाहनों को केएमपी एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

नोएडा में चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी कुंज बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को यू-टर्न लेकर नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे और परीचौक से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। गाजियाबाद में एनएच-9 से यूपी गेट, डाबर तिराहा, मोहननगर, भोपुरा, लोनी बॉर्डर और मेरठ के काशी टोल प्लाजा से दिल्ली की ओर सभी प्रकार के व्यवसायिक वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि लोग अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, प्रतिबंधित मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। साथ ही, सुरक्षा जांच में सहयोग करने और गाड़ियां केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ी करने की सलाह दी गई है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यह ट्रैफिक प्लान राजधानी और एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ ही यातायात को सुव्यवस्थित रखने में मदद करेगा।

Exit mobile version