मीनाक्षी जागलान आईआईएमटी न्यूज दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार सुबह 13 साल की एक किशोरी ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। दरअसल शुक्रवार रात को किशोरी अपनी 17 वर्षीय बड़ी बहन के साथ जन्माष्टमी के मेले में गई थी। बड़ी बहन तो मेले से आ गई, छोटी को मेले से आने में देर हो गई। इस बात पर पहले बड़ी बहन ने उसे बुरी तरह डांटा।सुबह होते ही मां ने फोन पर उसे जमकर डांटा। इस बात से खफा होकर किशोरी ने बालकनी की ग्रिल में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्राइम टीम व एफएसएल को मौके पर बुला लिया गया। पुलिस को मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मोबाइल कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि बहन और मां की डांट की वजह से ही उसने ऐसा कदम उठाया। परिवार से पूछताछ की जा रही है। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि मूल रूप से मधुबनी बिहार की रहने वाली 13 साल की किशोरी अपने परिवार के साथ कृष्णा नगर में किराए के मकान में तीसरी मंजिल पर रहती थी। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक 17 साल की बड़ी बहन भी है।मां ने फोन पर ही किशोरी को डांटा। इसके बाद बड़ी बहन फैक्टरी चली गई। इस दौरान किशोरी फैक्टरी नहीं पहुंची। बड़ी बहन ने मकान मालिक को कॉल कर किशोरी को देखने के लिए कहा। मकान मालिक तीसरी मंजिल स्थित घर पहुंचा तो देखा कि किशोरी बालकनी की ग्रिल से लटकी थी। पुलिस को खबर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली में बहन और मां के डांटने पर 13 साल की लड़की ग्रील से लटकी मिली

