अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों को निकालने की कोशिश में भारत सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। हाल ही में सरकार द्वारा बताया गया कि काबुल से 220 भारतीय और 70 अफगानी सी-17 विमान से शुक्रवार को गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर लैंड करेंगे। सूत्रों का कहना है कि 290 भारतीयों में 70 अफगानिस्तानी सिख शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, अफगान के लोगों ने भारत सरकार से शरण देने की अपील की थी। बता दें कि, ऑपरेशन एयरलिफ्ट टू में अफगानिस्तान के कुछ सांसद भी भारत आ रहे हैं। हिंडन एयरबेस पर लैंडिंग करने का सही समय निर्धारित नहीं किया गया है। विदेश मंत्रालय के कड़े एक्शन से भारतीयों को सुरक्षित वतन वापस लाया जा रहा है।
अफगानिस्तान में भारतीय लोगों का डाटा तैयार किया जा रहा है, विदेश मंत्रालय का अफगान सेल 24 घंटे सोशल मीडिया के जरिए लोगों से संपर्क बनाने की जद्दोजहद में जुटा है। सूत्रों के मुताबिक, अफगान में करीब 400-500 भारतीयों के फंसे होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस विषय पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर का कहना है कि जल्द ही सभी भारतीयों को सुरक्षित वतन वापस लाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि अफगान के सभी इलाकों में भारतीय लोगों से संपर्क किया जा रहा है, उन्हें आश्वस्त भी किया जा रहा है। इस ऑपरेशन में भारत अन्य मित्र देशों की मदद ले रहा है।